27 साल का हुआ गूगल: ‘गूगल कर लो’ से लेकर डूडल तक, जानिए कैसे बदल दी हमारी दुनिया

आज पूरी डिजिटल दुनिया में एक जश्न का माहौल है। दुनिया का सबसे लोकप्रिय सर्च इंजन गूगल अपना 27वां जन्मदिन मना रहा है। बच्चों के होमवर्क से लेकर पेशेवरों के काम तक, आज हर सवाल का जवाब ‘गूगल कर लो’ में छिपा है। इसी विश्वास ने गूगल को हमारी जिंदगी का एक अटूट हिस्सा बना दिया है।
इस खास मौके पर गूगल ने एक खास और आकर्षक डूडल बनाया है, जो कंपनी के रचनात्मक अंदाज को दिखाता है। इस डूडल में गूगल के लोगो को एक नए और अनोखे तरीके से सजाया गया है।
सर्च इंजन से डिजिटल साथी तक का सफर
गूगल आज सिर्फ एक सर्च इंजन नहीं रह गया है। यह ज्ञान और जानकारी का एक विशाल भंडार है, जो हर उम्र और हर पेशे के लोगों के लिए उपयोगी है। इसकी सफलता का राज इसका साफ-सुथरा इंटरफेस और तेज-सटीक नतीजे रहे हैं। समय के साथ, जीमेल, यूट्यूब, गूगल मैप्स और एंड्रॉइड जैसी सेवाओं ने इसे हमारे डिजिटल जीवन का एक महत्वपूर्ण साथी बना दिया।
लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन की सोच ने बदल दी दुनिया
गूगल की इस शानदार यात्रा की शुरुआत 4 सितंबर, 1998 को स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के दो पीएचडी छात्रों लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन ने की थी। उनका सपना इंटरनेट पर मौजूद जानकारी को हर किसी के लिए आसान और सुलभ बनाना था। आज, 27 साल बाद, गूगल इंटरनेट का बादशाह बन चुका है।
नवाचार की राह पर आगे बढ़ता गूगल
अल्फाबेट की अगुवाई में और सीईओ सुंदर पिचाई के नेतृत्व में गूगल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसे क्षेत्रों में लगातार नए प्रयोग कर रहा है। गूगल की 27वीं वर्षगांठ न सिर्फ एक टेक दिग्गज की सफलता का प्रतीक है, बल्कि यह मानव जिज्ञासा और तकनीकी क्रांति की एक जीती-जागती मिसाल है।